Edition

रीवा संभाग में शिक्षा की नई पहल, 148 सरकारी स्कूलों में शुरू होगी NEET-JEE Main की तैयारी…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रीवा संभाग में सरकारी छात्रों के लिए बड़ी पहल: 148 स्कूलों में होगी NEET-JEE Main की तैयारी, निजी कोचिंग पर नहीं रहना पड़ेगा निर्भर….

 

रीवा। रीवा संभाग के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब और आसान होने जा रही है। संभागीय आयुक्त शीलेंद्र सिंह की पहल पर सतना और मैहर जिले के 148 शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में ही NEET और JEE Main जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को महंगी निजी कोचिंग पर निर्भर होने से बचाना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत गुरुवार को गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान विषय के शिक्षकों के लिए वर्चुअल ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान इंदौर के एलेन कोचिंग संस्थान के विशेषज्ञों ने शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, विषयवार अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि बोर्ड परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को एक साथ प्रभावी तरीके से कैसे कराया जा सकता है।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. और जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा भी ऑनलाइन शामिल हुए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि चयनित 148 शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में संबंधित विषयों के शिक्षक ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप पढ़ाई कराएंगे। इसके लिए शिक्षकों को समय-समय पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

योजना के अंतर्गत सभी चयनित स्कूलों को विशेष अध्ययन मॉड्यूल, अभ्यास सामग्री और आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को अलग से महंगी किताबें या अध्ययन सामग्री खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी। बदलते परीक्षा पैटर्न और नए पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षकों को नियमित रूप से अपडेट भी किया जाएगा।

संभागीय आयुक्त शीलेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षक अनुभवी और सक्षम हैं। यदि कक्षा 12 की नियमित पढ़ाई को प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम से जोड़ा जाए, तो सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी NEET और JEE Main जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से सरकारी स्कूलों के अधिक से अधिक छात्र मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पाने में सफल होंगे। यह योजना प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोलने के साथ-साथ सरकारी शिक्षा व्यवस्था को भी नई दिशा देने का काम करेगी।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!