Edition

सतना में युवक की गला घोंटकर हत्या की कोशिश, पुरानी रंजिश में हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में युवक की गला घोंटकर हत्या की कोशिश, पुरानी रंजिश में दो भाइयों पर जानलेवा हमले का आरोप…..

 

सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कंपनी बाग में रविवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर साफी (गमछा) से उसका गला घोंटने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे कंपनी बाग निवासी 38 वर्षीय मो. शमशीर खान अपने घर के नीचे खड़े थे। इसी दौरान इमरान और फुर्कान, पिता अरकान, वहां पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि दोनों का शमशीर से पहले से विवाद चल रहा था। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।

परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने शमशीर के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में साफी से उनका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। हमले के दौरान शमशीर ने शोर मचाया, जिसे सुनकर उनका छोटा भाई यलगार मौके पर पहुंच गया। उसे देखते ही दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

घायल शमशीर को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया, जहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच घर के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करने और कैरम खेलने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान भी आरोपियों ने मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते रविवार रात यह हमला किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: आरोप परिजनों की शिकायत पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों का पक्ष अभी सामने आना बाकी है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!