आदित्य मिश्रा/कोठी। नगर परिषद कोठी के वार्ड क्रमांक 02 स्थित कटरा टोला बसोर बस्ती में नाली निर्माण न होने से स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में घरों का गंदा पानी और टैंकों का ओवरफ्लो सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।
सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से राहगीरों और रहवासियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कीचड़ और फिसलन के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं के गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नाली निर्माण नहीं होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
क्षेत्र में फैली गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का डर सता रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार कई बार संबंधित अधिकारियों और नगर परिषद को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
रहवासियों ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि जल्द नाली निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और स्वच्छ वातावरण बना रहे।









