मां शारदा धाम में नायब तहसीलदार शिवभूषण सिंह ने गाया भजन, अष्टमी की शाम सजी भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु…..
मैहर स्थित मां शारदा देवी धाम में शारदीय नवरात्र के दौरान रविवार शाम भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला प्रशासन और मां शारदा प्रबंध समिति की ओर से आयोजित फ्यूजन संगीत कार्यक्रम में कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार शिवभूषण सिंह की गायकी विशेष आकर्षण रही। उनकी प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ…..कार्यक्रम की शुरुआत मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद कलाकारों ने एक के बाद एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भक्ति संगीत में लीन नजर आए।
भक्ति गीतों पर झूम उठे श्रद्धालु….फ्यूजन संगीत कार्यक्रम में देवांश खन्ना, कनिक, माधव ठाकुर, सक्षम पांडेय, अंशुमान नामदेव और आराध्य सराफ ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने मां की महिमा पर आधारित गीतों के साथ अन्य भजन भी गाए। ‘बिगड़ी मेरी बना दे ऐ शेरों वाली मैय्या’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और वातावरण भक्तिमय हो गया।
नायब तहसीलदार की गायकी बनी आकर्षण…कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नायब तहसीलदार शिवभूषण सिंह की भजन प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे’ भजन गाकर श्रोताओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
नवरात्र में भक्ति और संस्कृति का संगम…शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां शारदा धाम में दर्शन-पूजन के साथ सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ संगीत और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। रविवार शाम आयोजित भजन संध्या में भी देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा।
#MaiharNews #MaaShardaDham #Navratri2026 #BhajanSandhya #RewanchalRoshni







