Edition

मैहर में मां शारदा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, अष्टमी पर 1.08 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर में मां शारदा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, अष्टमी पर 1.08 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन…

मैहर स्थित मां शारदा देवी धाम में शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को नवमी के अवसर पर सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्त पैदल सीढ़ियों, वैन और रोपवे का सहारा ले रहे हैं।

अष्टमी पर 1,08,381 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन….

मंदिर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को अष्टमी के दिन सुबह से रात 9:10 बजे तक कुल 1,08,381 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए। इनमें 1,01,781 श्रद्धालु पैदल सीढ़ियों के रास्ते, 1,500 वैन से और 5,100 श्रद्धालु रोपवे के जरिए मंदिर पहुंचे। आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक श्रद्धालुओं ने पैदल सीढ़ी मार्ग से माता के दरबार तक पहुंचकर दर्शन किए।

विधि-विधान से हुई मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना….

नवरात्र के नौवें दिन मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गई। प्रधान पुजारी पंडित पवन पांडेय (दाऊ सरकार) ने निर्धारित पूजा-विधान के अनुसार मां शारदा का श्रृंगार किया और आरती संपन्न कराई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

बंधा बैरियर में सजा भक्ति संगीत का कार्यक्रम…नवरात्र के अवसर पर रविवार शाम बंधा बैरियर में जिला प्रशासन और मां शारदा प्रबंध समिति की ओर से फ्यूजन संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। ‘बिगड़ी मेरी बना दे, ऐ शेरों वाली मैय्या’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। नायब तहसीलदार शिवभूषण सिंह ने भी ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे’ भजन प्रस्तुत किया।

सीढ़ियां चढ़ते समय बेहोश हुई महिला, पुलिसकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल कैंप….मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते समय एक महिला श्रद्धालु को चक्कर आ गया और वह बेहोश हो गई। मौके पर तैनात रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी और उनकी टीम ने तत्काल सहायता की। महिला आरक्षक रोशनी कुशवाहा ने महिला को कंधे पर उठाकर स्वास्थ्य विभाग के कैंप तक पहुंचाया, जहां उसे समय पर उपचार दिया गया। पुलिसकर्मियों की तत्परता से महिला को आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकी।

#MaiharNews #MaaShardaDham #Navratri2026 #SatnaNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!