मैहर में कुल्हाड़ी से हमले में बड़े भाई की मौत, भाभी और भतीजा भी घायल…

फाइनेंस एजेंट को छोटे भाई का पता बताने पर हुआ विवाद; इलाज के दौरान रामायण सोंधिया ने तोड़ा दम, आरोपी फरार
मैहर। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के हिनौती गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से किए गए हमले में घायल बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। 22 अक्टूबर को हुए इस हमले में आरोपी ने अपने बड़े भाई, भाभी और भतीजे पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार किए थे। तीनों को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को 60 वर्षीय रामायण सोंधिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

फाइनेंस एजेंट के सामने पता बताने से नाराज हुआ आरोपी…जानकारी के अनुसार, हिनौती निवासी रामकिनकर सोंधिया (46), पिता बाबूलाल सोंधिया, के नाम पर कथित तौर पर फाइनेंस कंपनी का लोन था। 22 अक्टूबर को किस्त वसूलने के लिए कंपनी का एजेंट गांव पहुंचा था। उस समय रामकिनकर की भाभी सिया सोंधिया घर के बाहर मौजूद थीं। उन्होंने एजेंट को रामकिनकर का पता बताया और उसे बुलाने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि एजेंट के सामने अपना पता बताए जाने से रामकिनकर नाराज हो गया। आरोप है कि गुस्से में उसने घर से कुल्हाड़ी निकाली और सिया पर हमला कर दिया।
बचाने पहुंचे बड़े भाई और भतीजे पर भी हमला….सिया की चीख-पुकार सुनकर बड़े भाई रामायण सोंधिया और भतीजा अंकित सोंधिया उन्हें बचाने पहुंचे। आरोप है कि रामकिनकर ने उन दोनों पर भी कुल्हाड़ी से कई वार किए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बड़े भाई की मौत, भाभी-भतीजे की हालत स्थिर…अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को रामायण सोंधिया की मौत हो गई। वहीं, सिया सोंधिया और अंकित सोंधिया की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। रामायण की मौत के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस…घटना के बाद रामनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी रामकिनकर सोंधिया वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
#MaiharNews #SatnaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









