सतना में महिला का मंगलसूत्र झपटने वाला आरोपी 5 महीने बाद गिरफ्तार, सोने का लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त…

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने करीब पांच महीने बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बदखर निवासी कुलदीप गुप्ता (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सोने का लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बाजार से घर लौटते समय हुई थी वारदात…पुलिस के मुताबिक, बद्रीपुरम उतैली निवासी राधा गुप्ता (35) ने 30 मई 2026 को कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 मई की शाम करीब 7:15 बजे वह हनुमान चौक से कपड़े खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान आनंदम पैलेस के सामने मोटरसाइकिल सवार बदमाश उनके गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया था।

शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर और तकनीकी जानकारी से आरोपी तक पहुंची पुलिस…पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदेही की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बदखर निवासी कुलदीप गुप्ता को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर सोने का लॉकेट और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (MP 19 NB 7646) जब्त की गई।
#SatnaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshPolice #LatestNews #RewanchalRoshni









