मैहर में 7 महीने में 3,815 लोगों को जानवरों ने काटा, अकेले कुत्तों के 3,339 मामले….

मैहर। मैहर जिले में आवारा और अन्य जानवरों के हमलों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम (NRCP) की रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक सात महीनों में जानवरों के काटने के कुल 3,815 मामले दर्ज किए गए। इनमें सबसे ज्यादा 3,339 मामले कुत्तों के काटने के हैं। बंदर, बिल्ली और अन्य जानवरों के हमले भी दर्ज किए गए हैं।
अप्रैल में सबसे ज्यादा कुत्तों के काटने के मामले…रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल में कुत्तों के काटने के 644 मामले सामने आए। मई में 535, जून में 519, जुलाई में 506, अगस्त में 455, सितंबर में 350 और अक्टूबर में 330 मामले दर्ज हुए। अप्रैल की तुलना में अक्टूबर में कुत्तों के काटने के मामलों में करीब 49 प्रतिशत की कमी आई है। इसके बावजूद अक्टूबर में प्रतिदिन औसतन 10 से अधिक लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए।
बंदर और बिल्लियों के हमले भी चिंता का विषय…सात महीनों में बंदरों के काटने के मामले भी दर्ज किए गए। अप्रैल में 29, मई में 35, जून में 30, जुलाई में 48, अगस्त में 42, सितंबर में 40 और अक्टूबर में 29 मामले सामने आए। वहीं, बिल्लियों के काटने के मामले अप्रैल में 16 से बढ़कर जुलाई में 52 हो गए थे, जो अक्टूबर में घटकर आठ रह गए।
अक्टूबर में कुल 374 लोगों को जानवरों ने काटा। इनमें कुत्तों के 330, बंदरों के 29, बिल्लियों के आठ और अन्य जानवरों के सात मामले शामिल हैं।
रेबीज से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी….रिपोर्ट में ज्यादातर मामलों को श्रेणी-2 का बताया गया है। इसमें त्वचा पर मामूली खरोंच या बिना खून निकले काटने की स्थिति शामिल है। जानवर के काटने या खरोंचने पर घाव को साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट धोकर तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए। रेबीज से बचाव के लिए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण कराना जरूरी है। बच्चों और बुजुर्गों को आवारा कुत्तों और बंदरों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
#RewanchalRoshni #MaiharNews #DogBiteCases #SatnaNews #RabiesAwareness









