मैहर में मां शारदा की पहाड़ियों पर फिर दिखा तेंदुआ, श्रद्धालुओं ने बनाया वीडियो…

मैहर। मां शारदा मंदिर की पहाड़ियों पर गुरुवार शाम एक बार फिर तेंदुआ दिखाई दिया। वैन मार्ग की ओर पहाड़ी पर सड़क पार करते तेंदुए का श्रद्धालुओं ने मोबाइल में वीडियो बना लिया, जो शुक्रवार सुबह सामने आया। पहाड़ियों पर पिछले करीब पांच महीने से तेंदुए की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है।
तेंदुए के बार-बार दिखाई देने और उसकी लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए थे। नवरात्रि के दौरान कैमरों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की गई थी कि पहाड़ियों पर एक तेंदुआ है या एक से अधिक।
ट्रैप कैमरों में एक ही तेंदुए की पुष्टि…मैहर वन परिक्षेत्र के रेंजर शुभम खरे के मुताबिक, ट्रैप कैमरों की निगरानी में इलाके में एक ही तेंदुआ होने की पुष्टि हुई है। वह लंबे समय से पहाड़ी क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए मंदिर की पहाड़ियों पर पिंजरे भी लगाए हैं, लेकिन अब तक तेंदुआ उनमें नहीं आया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क है।
#RewanchalRoshni #MaiharNews #MaaSharda #SatnaNews #LeopardNews









