सतना के नागौद में प्रशासन ने रुकवाई नाबालिग की शादी, उम्र 18 साल होने पर होगा विवाह..

सतना जिले के नागौद में प्रशासन की टीम ने बाल विवाह की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो बहनों की शादी रुकवा दी। दस्तावेजों की जांच में छोटी बहन की उम्र 17 साल 10 महीने पाई गई, जबकि बड़ी बहन की उम्र 18 साल 3 महीने थी। समझाइश के बाद परिजन छोटी बेटी के 18 वर्ष की होने पर ही शादी कराने के लिए राजी हो गए।
मैरिज गार्डन पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम…महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी इंद्रभूषण तिवारी को सूचना मिली थी कि सोहावल तहसील के एक गांव की दो बहनों का विवाह 24 नवंबर को नागौद में होने वाला है। सूचना पर विभागीय टीम और नागौद पुलिस मैरिज गार्डन पहुंची। यहां जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।

बाल विवाह कानून की दी जानकारी…टीम ने परिजनों और रिश्तेदारों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि बाल विवाह कराने पर परिजनों के अलावा टेंट, कैटरिंग, बैंड-बाजा और मैरिज गार्डन संचालकों पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
प्रशासन ने मैरिज गार्डन संचालकों को प्रत्येक विवाह से पहले वर-वधू की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश भी दिए।
#SatnaNews #NagodNews #ChildMarriage #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









