सतना एयरपोर्ट रनवे विस्तार पर बैठक बेनतीजा, अतिक्रमण हटाने के लिए 7 दिन की मोहलत…

सतना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को लेकर सोमवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में हुई बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी। प्रशासन ने संबंधित अतिक्रमणकारियों को जगह खाली करने के लिए 7 दिन का समय दिया है। वहीं, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और उनके पुनर्वास की मांग उठाई।

विधायक ने मुआवजे और पुनर्वास की रखी मांग…बैठक में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि जिन परिवारों के मकान और जमीन कार्रवाई से प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और दूसरी जगह बसाने की व्यवस्था की जाए। इस पर कलेक्टर ने कहा कि रनवे विस्तार राष्ट्रीय परियोजना है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। प्रभावित लोगों को प्रशासन की ओर से सहयोग दिया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए विवाद पर FIR की मांग…21 नवंबर को आदर्शनगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कोलगवां थाना पुलिस को पत्र दिया है। इसमें पूर्व पार्षद नीरज शुक्ला और नगर निगम कर्मचारी सुनील वाल्मीकि के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
अथॉरिटी ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान भीड़ ने हंगामा और पथराव किया, जिससे जेसीबी का कांच टूट गया। अधिकारियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप भी लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की अगली पहल पर नजर रहेगी।
#SatnaNews #SatnaAirport #MadhyaPradeshNews #AirportExpansion #RewanchalRoshni









