सतना में अतिक्रमण हटाने पर हंगामा, पूर्व पार्षद ने जेसीबी पर फेंका पत्थर; विधायक ने SDM की उतारी आरती…

सतना। सतना के आदर्श नगर हवाई पट्टी क्षेत्र में शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर विरोध और हंगामा हुआ। प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण हटाए। इस दौरान करीब 18 मकानों से कब्जा हटाया गया। कार्रवाई का विरोध करते हुए भाजपा के पूर्व पार्षद नीरज शुक्ला ने जेसीबी की ओर पत्थर फेंक दिया, जिससे मशीन का कांच टूट गया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

विधायक और एसडीएम के बीच हुई बहस…कार्रवाई की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया से मकान तोड़ने से पहले प्रभावित परिवारों के विस्थापन और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने की मांग की।
विरोध जताने के लिए विधायक ने मौके पर आरती की थाली मंगवाई और एसडीएम की आरती उतारते हुए तंज कसते हुए कहा, “देखो, गरीबों के भगवान आए हैं।” इस दौरान विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई।
विधायक ने उठाया विस्थापन का मुद्दा….विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि यदि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हो रहा था तो पहले ही उसे रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए थे। उन्होंने प्रभावित परिवारों को मुआवजा, जमीन या वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि परिवारों को अपने रहने की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए।
वहीं, प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सोमवार तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी है।
हवाई पट्टी विस्तार के लिए हटाए जा रहे कब्जे…

प्रशासन के अनुसार, सतना हवाई पट्टी की वर्तमान लंबाई 1200 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 1800 मीटर किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए हवाई पट्टी और आसपास की सरकारी जमीन पर कुल 92 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। इनमें 65 आदर्श नगर हवाई पट्टी क्षेत्र और 27 उतैली बाईपास की ओर हैं।
प्रशासन का कहना है कि सभी संबंधित कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जमीन खाली कराने के बाद हवाई पट्टी विस्तार का काम आगे बढ़ाया जाएगा।
#SatnaNews #SatnaBreakingNews #SatnaAirport #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni








