रीवा में बकाया टैक्स पर दुकान में तालाबंदी, 5 बकायादारों ने मौके पर जमा किए 3.43 लाख रुपये…

रीवा। नगर निगम ने बकाया संपत्तिकर और जलकर की वसूली के साथ स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम की टीम ने संपत्तिकर बकाया होने पर एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में तालाबंदी की। वहीं, कार्रवाई के दौरान पांच अन्य बकायादारों ने मौके पर ही कुल 3 लाख 43 हजार 264 रुपये जमा कर दिए। इसके अलावा जलकर वसूली अभियान में पांच अवैध नल कनेक्शन काटे गए और गंदगी फैलाने व प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
89 हजार रुपये से अधिक बकाया होने पर की तालाबंदी…नगर निगम के जोन क्रमांक-3 के वार्ड 13 और 15 में संपत्तिकर वसूली के लिए कार्रवाई की गई। इस दौरान बृजेन्द्र सिंह की व्यावसायिक संपत्ति पर 89 हजार 287 रुपये का संपत्तिकर बकाया मिलने पर तालाबंदी की गई। निगम के मुताबिक, बकाया राशि जमा करने के लिए पहले भी सूचना दी गई थी, लेकिन भुगतान नहीं किया गया था।

इसी कार्रवाई के दौरान पांच अन्य बकायादारों ने चेक और नकद के माध्यम से अपना बकाया जमा किया। इनमें रामरती वर्मा ने 1 लाख 20 हजार रुपये, आशा त्रिपाठी ने 80 हजार 257 रुपये, राजू पटेल ने 63 हजार 7 रुपये, वीरेन्द्र उपाध्याय ने 50 हजार रुपये और शीतला पटेल ने 30 हजार रुपये जमा किए।
पांच अवैध नल कनेक्शन काटे, 32 हजार रुपये की वसूली…नगर निगम की जलकर वसूली टीम ने वार्ड क्रमांक 7, 9 और 15 में अभियान चलाया। इस दौरान पांच अवैध नल कनेक्शन काटे गए, जबकि दो कनेक्शनों को वैध कराया गया। इसके अलावा घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग करने वाले दो उपभोक्ताओं के कनेक्शन की श्रेणी में बदलाव किया गया। अभियान के दौरान 32 हजार रुपये जल प्रभार के रूप में वसूले गए।
गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर चालानी कार्रवाई…स्वच्छता टीम ने ढेकहा चौराहा, ओवरब्रिज के नीचे, न्यू बस स्टैंड और रतहरा क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने, खुले में कचरा फेंकने, नालियों में अपशिष्ट डालने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने के मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। नगर निगम के अनुसार, इन मामलों में कुल 22 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
आयुक्त के निर्देश पर चल रहे अभियान…नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर संपत्तिकर, जलकर और स्वच्छता से संबंधित अभियान संचालित किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन ने बकायादारों और दुकानदारों से समय पर कर जमा करने तथा स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
#RewaNews #MunicipalCorporation #TaxRecovery #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









