रीवा में अर्टिगा और टमाटर से भरी पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 5 लोग घायल; शीशे तोड़कर निकाले गए….

रीवा। शहर के सिरमौर चौराहे स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार को अर्टिगा कार और टमाटर से लदी पिकअप के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए और सभी दरवाजे लॉक हो गए, जिससे घायल अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला और उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश से लौटते समय हुआ हादसा…जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में सवार सभी लोग सतना के भुजवा समाज से संबंधित बताए गए हैं। वे उत्तर प्रदेश के फाफामऊ में आयोजित 13वीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार रीवा के सिरमौर चौराहे स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही टमाटर से लदी पिकअप से कार की टक्कर हो गई।

एयरबैग खुलने के बाद लॉक हुए कार के दरवाजे…टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा कार के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए, जिससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने पत्थर की मदद से शीशे तोड़े और एक-एक कर पांचों घायलों को बाहर निकाला।
संजय गांधी अस्पताल में कराया गया भर्ती…हादसे में घायल लोगों की पहचान रमेश भुजवा, राकेश भुजवा सहित तीन अन्य के रूप में हुई है। सभी को एंबुलेंस और पुलिस की मदद से संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना में अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
#RewaNews #RoadAccident #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









