सतना में महापौर योगेश ताम्रकार का नाम टैक्स बकायेदारों की सूची में, 70 लाख की राशि दर्ज…

सतना नगर निगम की संपत्ति कर बकायेदारों की सूची में महापौर योगेश ताम्रकार और एमआईसी सदस्य गोपी गेलानी का नाम सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, महापौर के नाम करीब 70 लाख रुपये और एमआईसी सदस्य के नाम 20 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया दर्ज है। मामला सामने आने के बाद शहर की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग उठाई है।
100 बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई की तैयारी..नगर निगम प्रशासन ने संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले 100 बड़े बकायेदारों को चिह्नित किया है। इनसे बकाया राशि वसूलने के लिए संपर्क किया जा रहा है। निगम प्रशासन ने भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ संपत्ति सील करने और कुर्की जैसी कार्रवाई की तैयारी की है।
संपत्ति कर की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त डॉ. बी. नागार्जुन गौड़ा ने अधिकारियों को बड़े बकायेदारों से संपर्क कर जल्द राशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत बकाया वसूली के लिए कार्रवाई की जाए।
विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने उठाए सवाल..कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने महापौर और एमआईसी सदस्य का नाम बकायेदारों की सूची में शामिल होने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की कि बकाया राशि कितने समय से लंबित है और संबंधित संपत्तियों के मामले में एनओसी किस आधार पर जारी की गई, इसकी जांच होनी चाहिए।
महापौर ने दी सफाई…महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि उनकी किसी निजी संपत्ति पर संपत्ति कर बकाया नहीं है। उनके मुताबिक, मामला लीज पर ली गई जमीन से संबंधित है और न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि न्यायालय का जो भी निर्णय आएगा, उसका सम्मान किया जाएगा।
वहीं, निगमायुक्त ने पुष्टि की है कि बकायेदारों की सूची में महापौर का नाम शामिल है। अब इस मामले में नगर निगम की आगे की कार्रवाई और न्यायालय के फैसले पर नजर रहेगी।
#SatnaNews #Satna #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni #MunicipalCorporation









