रीवा में सरकारी शिक्षक की गोली लगने से मौत, लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली; जांच में जुटी पुलिस..

रीवा। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सरकारी शिक्षक की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिक्षक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर 10 निवासी सुभाष तिवारी (48) के रूप में हुई है। वह शासकीय स्कूल टीकर में पदस्थ थे। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय वह कमरे में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थीं।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, जहां सुभाष तिवारी खून से लथपथ हालत में मिले। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल भी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य…सूचना पर विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
#RewaNews #MadhyaPradeshNews #RewaUpdate #LatestNews #RewanchalRoshni








