सतना में पराली की आग से मकान और सामान जला, किसान पर आग लगाने का आरोप…

सतना। रामपुर बघेलान क्षेत्र के खेरिया कोठार गांव में मंगलवार को खेत में जलाई गई पराली की आग फैलने से एक मकान और उसमें रखा सामान जल गया। आग की चपेट में आने से आसपास के पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, किसान सुनील सिंह पिता केशव प्रसाद सिंह पर खेत में पराली जलाने का आरोप है। बताया गया कि खेत में लगाई गई आग फैलकर सर्वेश सिंह के मकान तक पहुंच गई। देखते ही देखते मकान और उसमें रखा घरेलू सामान आग की चपेट में आ गया।
एसडीएम से की लिखित शिकायत
घटना के बाद सर्वेश सिंह ने एसडीएम के समक्ष लिखित शिकायत देकर नुकसान की जानकारी दी है। मामले में राजस्व विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाना है।
जिले में पराली जलाने पर प्रतिबंध है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने भी पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और नुकसान का आकलन होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
#SatnaNews #RampurBaghelan #MadhyaPradeshNews #LatestNews #RewanchalRoshni








