दैनिक, साप्ताहिक और मासिक समीक्षा से योजना को मिली गति, बैंकर्स के सहयोग से हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर जोर…….
सतना। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में सतना नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन किया है। योजना के विभिन्न चरणों में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निगम स्तर पर दैनिक, साप्ताहिक और मासिक समीक्षा की जा रही है। बैंकर्स के समन्वय से हितग्राहियों के प्रकरणों के निराकरण और उन्हें योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को गति दी गई है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने उपलब्धि के बावजूद इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना है। उनका जोर अब योजना के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाकर देशभर में सतना नगर निगम को प्रथम स्थान पर लाने पर है। इसके लिए निगम की टीम और संबंधित बैंकर्स के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनके परिवारों को भी विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य हितग्राही परिवारों को उपलब्ध सामाजिक एवं आर्थिक योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आजीविका को और मजबूत करना है।
निगम प्रशासन का फोकस अब केवल लक्ष्य पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने, लंबित प्रकरणों के निराकरण और बैंकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने पर है। इसी दिशा में नियमित समीक्षा और मैदानी स्तर पर निगरानी जारी है।
आयुक्त डॉ. गौड़ा के अनुसार, मौजूदा उपलब्धि उत्साहजनक है, लेकिन वास्तविक लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना है। इसके लिए निगम की टीम और बैंकर्स के समन्वित प्रयासों को आगे भी जारी रखा जाएगा।