सतना में तेज रफ्तार कार पलटी, छह घायल; दो की हालत गंभीर…

सतना। कोठी रोड पर पशुपतिनाथ मंदिर के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार i20 कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संजय नगर (हाटी) में आयोजित बरहों कार्यक्रम से लौट रहे थे। कार रामटेकरी जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान विशाल चौधरी, आदित्य चौधरी, विशाल वर्मा, राजीव, प्रिंस और सतीश के रूप में हुई है। इनमें आदित्य चौधरी समेत दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।
फिलहाल हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RoadAccident #BreakingNews #RewanchalRoshni






