सतना में 117.70 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त, 5 गिरफ्तार…

सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हर्षनगर बायपास फ्लाईओवर के पास बंद क्रेशर के नजदीक कार्रवाई करते हुए 117.70 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के तीन और रीवा के दो निवासी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, तस्करी नेटवर्क से जुड़ी एक महिला अभी फरार है।

यूपी से सतना लाई जा रही थी खेप…थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से ब्राउन शुगर की खेप सतना लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हर्षनगर बायपास फ्लाईओवर के पास बंद क्रेशर के नजदीक दबिश दी। इस दौरान पांच संदिग्धों को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान पीली पन्नी में रखे मटमैले रंग के छोटे और ठोस टुकड़े मिले। जांच में इनका वजन 117.70 ग्राम पाया गया। पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल और दो बाइक भी जब्त की हैं।
फर्रुखाबाद से बांदा तक फैला था नेटवर्क….पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार महिला उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से ब्राउन शुगर लाकर बांदा में अपने नेटवर्क के जरिए सप्लाई करवाती थी। मांग मिलने पर उसके नेटवर्क से जुड़े लोग अलग-अलग स्थानों पर खेप पहुंचाते थे। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए तीन आरोपी उत्तर प्रदेश से ब्राउन शुगर लेकर सतना पहुंचे थे, जबकि रीवा के दो आरोपियों ने इसकी मांग की थी।
पांचों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए…पुलिस ने इस मामले में अवध किशोर यादव (45), निवासी बिसंडा, बांदा; विकास यादव, निवासी कर्वी, चित्रकूट; निशा यादव, निवासी बबेरू, बांदा; शिवम बरगाही, निवासी गोविंदगढ़, रीवा और राहुल दुबे, निवासी बैकुंठपुर, रीवा को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार महिला की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
#SatnaNews #DrugSmuggling #MadhyaPradeshNews #PoliceAction #RewanchalRoshni








