सतना के फार्महाउस में चोरी, CCTV में कैद हुए 4 बदमाश….

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के इटमा गांव में चोरों ने एक रिटायर्ड प्रिंसिपल के फार्महाउस को निशाना बनाया। 14 नवंबर की रात चार बदमाश चार पहिया वाहन से पहुंचे और परिसर के पांच ताले तोड़कर अंदर घुस गए। कीमती सामान वाले कमरे का इंटरलॉक नहीं खोल पाए तो किचन से गैस सिलेंडर और चूल्हा चोरी कर ले गए। पूरी वारदात फार्महाउस में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
पांच ताले तोड़कर फार्महाउस में घुसे बदमाश…फार्महाउस के मालिक आरएस केवट हैं, जो सतना शहर के पतेरी स्थित आकाशगंगा नगर में रहते हैं। खेती-किसानी के काम से उनका इटमा गांव स्थित फार्महाउस आना-जाना रहता है। परिसर की सुरक्षा के लिए उन्होंने CCTV कैमरे लगवा रखे थे। वहीं, कीमती सामान रखने वाले कमरे में विशेष इंटरलॉक सिस्टम भी लगाया गया था।
14 नवंबर की रात फार्महाउस खाली था। इसी दौरान चार बदमाश चार पहिया वाहन से वहां पहुंचे। उन्होंने एक के बाद एक पांच ताले तोड़े और परिसर के अंदर दाखिल हो गए।
इंटरलॉक नहीं खुला तो किचन में की चोरी…फार्महाउस में घुसने के बाद बदमाशों ने कीमती सामान रखे कमरे का लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन विशेष इंटरलॉक सिस्टम के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने किचन की ओर रुख किया। वहां लगे लोहे के दरवाजे को तोड़कर अंदर रखा गैस सिलेंडर और चूल्हा निकाल लिया और मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही पुलिस..घटना के बाद आरएस केवट ने नागौद थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। फार्महाउस में लगे CCTV कैमरों में चारों बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और तलाश में जुटी है।
#SatnaNews #NagodNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni








