सतना। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा अपनी पुस्तक में उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह ‘दाऊ साहब’ के राजनीतिक कौशल, अनुभव और दूरदर्शिता का उल्लेख किए जाने पर आभार व्यक्त किया है।
अजय सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में अर्जुन सिंह को कांग्रेस के सबसे अनुभवी और राजनीतिक रूप से समझदार नेताओं में से एक बताया है। उन्होंने कहा कि कठिन से कठिन दौर में भी दाऊ साहब गंभीरता से सभी की बात सुनते थे और कुछ ही शब्दों में पूरे मुद्दे का सार सामने रख देते थे।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने यह भी उल्लेख किया है कि दाऊ साहब की एक चेतावनी को नजरअंदाज किए जाने का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा। अजय सिंह के अनुसार यह प्रसंग अर्जुन सिंह की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को स्पष्ट करता है।
अजय सिंह ने कहा कि आज दाऊ साहब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उनके अनुभव, दूरदर्शिता और निष्ठा को सम्मान के साथ याद किया जाना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति की और विंध्य की माटी से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह के लिए पद से बड़ा संगठन और देशहित था। उनकी राजनीतिक समझ और संवेदनशीलता का सम्मान आज भी कायम है। अजय सिंह ने सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इतिहास के उन महत्वपूर्ण पहलुओं को सच्चाई और आत्मीयता के साथ सामने रखा है। दाऊ साहब के विचार और उनके दिखाए रास्ते आज भी प्रासंगिक हैं तथा लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।