कुंवर अर्जुन सिंह के नाम की मांग को लेकर पैदल मार्च के बाद घेराव, नारेबाजी और झड़प; 12 घंटे से धरने पर आंदोलनकारी…..

सतना। शहर के स्टेडियम के नामकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा आंदोलन बनता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को सर्व समाज के लोगों ने पैदल मार्च निकालकर नगर निगम का घेराव किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और प्रदर्शनकारियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। माहौल गरमाने के बाद आंदोलनकारी नगर निगम परिसर में ही धरने पर बैठ गए। देर रात होने तक बड़ी संख्या में लोग ठंड के बीच नगर निगम में डटे है, और लगातार करीब 12 घंटे से धरना जारी बताया जा रहा है।
आंदोलनकारियों की मांग साफ है कि स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर किया जाए। उनका कहना है कि कुंवर अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश और हिंदी क्षेत्र के गौरवशाली नेताओं में रहे हैं और राष्ट्रीय राजनीति में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। ऐसे व्यक्ति के नाम की जगह स्टेडियम का नाम अन्य के नाम पर होना शहर के लोगों को स्वीकार नहीं है।











