Edition

54.83 करोड़ के बकायादारों पर नगर निगम का शिकंजा, 6 हजार को नोटिस……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 दिन की मोहलत खत्म होते ही सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई; पांचों जोन में विशेष कर जमा काउंटर…..

सतना। नगर पालिक निगम सतना ने लंबे समय से संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ अब सख्त रुख अपना लिया है। निगम क्षेत्र में 50 हजार रुपये से अधिक संपत्तिकर बकाया रखने वाले करीब 6 हजार करदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी पर कुल 54 करोड़ 83 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया है। निगम प्रशासन ने बकायादारों को नोटिस मिलने के 15 दिन के भीतर बकाया राशि जमा करने की मोहलत दी है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर संबंधित संपत्तियों की सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

बड़े बकायादारों की सूची तैयार, घर से लेकर उद्योग तक शामिल….. नगर निगम ने राजस्व वसूली अभियान के तहत 50 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले करदाताओं की सूची तैयार की है। इसमें आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों के अलावा औद्योगिक क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर और शासकीय संस्थानों को भी शामिल किया गया है। निगम के राजस्व अमले ने चिह्नित बकायादारों को नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में कर जमा करने के निर्देश दिए हैं।

निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने राजस्व अमले को वसूली अभियान में तेजी लाने और समय-सीमा पूरी होने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

15 दिन बाद नहीं चलेगी मोहलत, होगी सीलिंग-कुर्की…. निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद भी यदि बकाया संपत्तिकर जमा नहीं किया जाता है तो संबंधित संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसमें संपत्ति सील करने के साथ कुर्की की कार्रवाई भी शामिल है।

कुर्की की कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्र के एसडीएम मौजूद रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मदद भी ली जाएगी। यानी निगम ने अब साफ कर दिया है कि बड़े बकायादारों को केवल नोटिस देकर मामला लंबित रखने के बजाय राजस्व वसूली को अंतिम कार्रवाई तक ले जाया जाएगा।

कर जमा करने के लिए पांचों जोन में विशेष काउंटर….. बकायादारों की सुविधा के लिए निगम ने पांचों जोन कार्यालयों के साथ निगम मुख्यालय में विशेष कर जमा काउंटर शुरू किए हैं। यहां करदाता अपनी लंबित संपत्तिकर राशि जमा कर सकते हैं।

निगम प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बकायादारों को समय पर कर जमा करने का अवसर देना भी है। इसलिए नोटिस मिलने के बाद 15 दिन की अवधि में बकाया राशि जमा करने की अपील की गई है।

आयुक्त की अपील- कार्रवाई से पहले जमा करें बकाया कर….. निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे नोटिस की निर्धारित अवधि के भीतर अपना बकाया संपत्तिकर जमा कर दें। समय पर भुगतान करने पर सीलिंग और कुर्की जैसी कठोर कार्रवाई से बचा जा सकता है।

नगर निगम के इस अभियान के बाद अब बड़े बकायादारों में हलचल बढ़ गई है। 54.83 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निगम के लिए बड़ी चुनौती है और आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नोटिस के बाद कितनी राशि जमा होती है और कितने बकायादारों के खिलाफ वास्तव में कुर्की की कार्रवाई तक मामला पहुंचता है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!