Edition

अलवर का घीलोठ बनेगा बड़ा इंडस्ट्रियल हब, जापानी कंपनियों को आवंटित होगी 15 एकड़ जमीन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जयपुर  
राजस्थान में अलवर के शाहजहांपुर स्थित घीलोठ रीको औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक विकास को एक नई और बड़ी गति मिलने जा रही है। रीको घीलोठ जोन में चार नई जापानी कंपनियां करीब 550 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करने जा रही हैं। इन जापानी कंपनियों को लगभग 15 एकड़ भूमि आवंटित की जा रही है, जिस पर वे अपने नए मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक प्लांट स्थापित करेंगी। इस बड़े निवेश से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का तेजी से विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

प्रमुख हब बनता जा रहा घीलोठ रीको क्षेत्र
शाहजहांपुर के पास स्थित यह इंडस्ट्रियल जोन जापानी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) का प्रमुख हब बनता जा रहा है। रीको घीलोठ इंडस्ट्रियल एरिया में कुल 377 औद्योगिक प्लॉट निर्धारित किए गए हैं। 377 में से 319 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि केवल 58 प्लॉट अभी आवंटन के लिए प्रक्रिया में हैं।

आवंटित प्लॉटों में से 249 कंपनियां सफलतापूर्वक अपना व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर चुकी हैं, वहीं 45 अन्य कंपनियों में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

वर्तमान में इस पूरे औद्योगिक क्षेत्र के माध्यम से लगभग 11,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। नई जापानी कंपनियों के आगमन से इस आंकड़े में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होना तय है।

इंफ्रास्ट्रक्चर और सौंदर्यीकरण पर रीको का विशेष जोर
औद्योगिक विकास के साथ-साथ रीको (RIICO) द्वारा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। 200 फीट चौड़ी मुख्य सड़क का सीमेंट कंक्रीट निर्माण पूरा होने के बाद अब सड़क के किनारों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे धूल से निजात मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण होगा।

सड़क किनारे से गुजर रही हाई-टेंशन (HT) विद्युत लाइनों के पुराने सीमेंटेड पोल को हटाकर मजबूत लोहे के पोल लगाए जा रहे हैं, ताकि उद्योगों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जापानी कंपनियों के इस नए निवेश से अलवर-शाहजहांपुर बेल्ट में इंडस्ट्रियल ग्रोथ को जबरदस्त बूस्ट मिलने की उम्मीद है।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!