चित्रकूट दीपोत्सव के पहले दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 6 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे; 8 नवंबर को 500 ड्रोन से दिखेगी राम वनवास की झांकी….

चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहले दिन शुक्रवार को 6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में स्नान किया और भगवान कामतानाथ के दर्शन कर कामदगिरि की परिक्रमा की। 10 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। शाम को रामघाट पर मां मंदाकिनी की आरती भी हुई।
मंदाकिनी स्नान और कामदगिरि परिक्रमा के लिए उमड़ी भीड़…दीपोत्सव के पहले दिन सुबह से ही रामघाट सहित मंदाकिनी नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। स्नान और पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने कामदगिरि की परिक्रमा कर भगवान कामतानाथ के दर्शन किए। बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से बड़ी संख्या में लोग चित्रकूट पहुंचे।
9 मंचों पर दिखेगी बुंदेली लोक संस्कृति की झलक….दीपोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। कामदगिरि आरती स्थल और रामायण दर्शन परिक्रमा मार्ग सहित 9 स्थानों पर मंच तैयार किए गए हैं। यहां कलाकार राई, दीवारी, पाई-डंडा, आल्हा गायन, तंबूरा नृत्य और भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियां देंगे।

..500 ड्रोन से आसमान में साकार होगी राम वनवास की झांकी..दीपोत्सव का प्रमुख आकर्षण 8 नवंबर को अमावस्या पर आयोजित होने वाला ड्रोन शो रहेगा। रामघाट पर दीपदान के बाद 500 ड्रोन के माध्यम से आसमान में भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़े दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
बाढ़ के बाद बदले आवागमन के इंतजाम…अगस्त में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित घाटों और रास्तों को देखते हुए इस बार वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। भरत घाट पर फ्लोटिंग पुल और हनुमानधारा मार्ग पर पीपा पुल के जरिए आवागमन कराया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से गुप्त गोदावरी की गुफाओं में श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद रखा गया है। घाटों पर सुरक्षा बल और बचाव दल तैनात किए गए हैं।
#Chitrakoot #Deepotsav2026 #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









