महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, परिसर की सफाई कर दिया स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश….
सतना। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सतना में गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान चलाया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. गुप्ता के निर्देशन एवं एनएसएस जिला संगठक डॉ. मनीष प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। प्राचार्य डॉ. आर.एस. गुप्ता और एनएसएस जिला संगठक डॉ. मनीष प्रताप सिंह ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसके बाद स्वयंसेवकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने प्रतिमा स्थल एवं महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। स्वयंसेवकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक करना भी जरूरी है।
अभियान में वरिष्ठ स्वयंसेवक विपिन कुमार सेन, ज्योति कुशवाहा, सृष्टि सिंह सहित मोहित कुशवाहा, विजय सिंह कुशवाहा, किरण मल्लाह एवं अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।