पूर्व विधायक कल्पना वर्मा ने जयंती पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया स्मरण, सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान…..
सतना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पूर्व विधायक कल्पना वर्मा ने दोनों महान व्यक्तित्वों को स्मरण करते हुए उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया। कल्पना ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और मानवता की महान विचारधारा का नाम हैं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में आमजन को जोड़कर सत्याग्रह के माध्यम से यह संदेश दिया कि अहिंसा भी अन्याय के खिलाफ प्रभावी शक्ति बन सकती है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी ने गरीब, किसान, मजदूर और समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और अधिकार को महत्व दिया। उनका जीवन त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है। आज आवश्यकता है कि गांधी जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और नफरत के स्थान पर संवाद तथा हिंसा के स्थान पर अहिंसा का मार्ग अपनाया जाए।
पूर्व विधायक ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिसाल रहा। 1965 के युद्ध के दौरान उन्होंने देश में एकता और साहस की भावना को मजबूत किया तथा जय जवान, जय किसान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्श सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशहित की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।