सतना में घर से 81 हजार की अवैध शराब जब्त, 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; दूसरे की तलाश…

सतना। कोटर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में आबकारी विभाग ने रविवार को कार्रवाई करते हुए एक घर से 81 हजार 654 रुपए कीमत की अवैध शराब जब्त की। मौके से कुल 135.54 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। मामले में 22 वर्षीय प्रवीण साकेत को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जांच में सतेंद्र गुप्ता का नाम सामने आने के बाद उसे सह-आरोपी बनाया गया है। उसकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि सोनवर्षा निवासी प्रवीण साकेत के घर में अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 339 पाव प्लेन प्रिंस लेमन और 414 पाव गोवा व्हिस्की बरामद हुई। विभाग के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 135.54 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 81 हजार 654 रुपए है।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
आबकारी विभाग ने प्रवीण साकेत पिता रामकिशोर साकेत, निवासी सोनवर्षा, थाना कोटर के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी…

जांच के दौरान शराब के संग्रहण और बिक्री में सतेंद्र गुप्ता पिता रोशनलाल गुप्ता के कथित रूप से शामिल होने की बात सामने आई। आबकारी विभाग ने उसे मामले में सह-आरोपी बनाया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और टीम उसकी तलाश कर रही है।
#Satna #IllegalLiquor #ExciseDepartment #CrimeNews #RewanchalRoshni









