रीवा में बन रहा 300 बिस्तरीय कैंसर अस्पताल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा..

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को संजय गांधी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 300 बिस्तरीय कैंसर अस्पताल और पीजी छात्र-छात्राओं के लिए बनाए जा रहे हॉस्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण एजेंसी से ली काम की जानकारी
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने भवन के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए काम तथा आगामी कार्यों की जानकारी ली। राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और सभी काम निर्धारित समय में पूरे किए जाएं।

आधुनिक मशीनों से लैस होगी कैंसर यूनिट
संजय गांधी अस्पताल परिसर में विकसित की जा रही कैंसर सुविधा में आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जाने की तैयारी है। कैंसर उपचार के लिए लीनियर एक्सीलरेटर, ब्रैकीथेरेपी और सीटी सिमुलेटर जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री के अनुसार, भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इन उपकरणों की स्थापना की जाएगी। मशीनों की स्थापना से पहले अस्पताल के भवन और बंकर में बिजली, केबलिंग सहित जरूरी तकनीकी कार्य पूरे किए जाने हैं।

मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा उपचार
कैंसर अस्पताल शुरू होने के बाद रीवा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को कैंसर के इलाज के लिए बड़े महानगरों की ओर जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है। आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
पीजी हॉस्टल का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान राजेंद्र शुक्ल ने पीजी छात्र-छात्राओं के लिए निर्माणाधीन हॉस्टल का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की प्रगति और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दोनों परियोजनाओं में तकनीकी मानकों, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#RewaNews #CancerHospital #RajendraShukla #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









