सतना में साइबर ठगी के लिए फर्जी सिम उपलब्ध कराने का आरोपी गिरफ्तार, एक आधार से बनाता था कई सिम; E-SIM में बदलकर दूसरे राज्यों में भेजने का आरोप…

सतना। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आधार कार्ड के जरिए कई सिम तैयार करने और उन्हें E-SIM में बदलकर दूसरे राज्यों में भेजने के आरोप में अजय कुमार नामदेव (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन सिम का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
साइबर सेल से मिले दस्तावेजों की जांच में सामने आया नाम
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा के मुताबिक, 17 सितंबर को आजाक थाना प्रभारी अनिल मिश्रा ने राज्य साइबर सेल, पुलिस मुख्यालय भोपाल से मिले दस्तावेजों की जांच शुरू की थी। दस्तावेजों में उन सिम धारकों की जानकारी थी, जिनके नाम पर मोबाइल सिम एक्टिवेट थीं।
जांच के दौरान अजय कुमार नामदेव का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सिम तैयार करने और उन्हें आगे भेजने से जुड़ी जानकारी सामने आई।
दो साथियों के साथ मिलकर सिम तैयार करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अजय ने बताया कि वह अपने साथी रजनीकांत साकेत और अखिलेश सतनामी के साथ मिलकर एक आधार कार्ड का इस्तेमाल कर कई सिम तैयार करता था। इसके बाद इन सिम को E-SIM में बदलकर मध्यप्रदेश सहित दूसरे राज्यों में भेजा जाता था।
पुलिस को आशंका है कि इन सिम का इस्तेमाल बैंक खातों और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े साइबर अपराधों में किया गया। हालांकि, सिम की वास्तविक संख्या और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया गया, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मोबाइल जब्त, दो साथियों की तलाश
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच के जरिए सिम तैयार करने, उन्हें E-SIM में बदलने और दूसरे राज्यों में भेजने से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी के दोनों साथियों की भूमिका और कथित साइबर नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 3(5), IT Act की धारा 66(C) सहित टेलीकॉम एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
#SatnaNews #CyberCrime #CyberFraud #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









