कसरावद में किराए के कमरे में मृत मिला कृषि कंपनी का सेल्समैन, खटिया पर पड़ा था शव; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह…

खरगोन। कसरावद के छोटा नाका क्षेत्र में शनिवार सुबह कृषि कंपनी में काम करने वाले सेल्समैन का शव उसके किराए के कमरे में मिला। सूचना मिलने पर कसरावद थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान सतना निवासी करीब 40 वर्षीय दिलीप त्रिपाठी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिलीप त्रिपाठी एक कृषि कंपनी में सेल्समैन के पद पर काम करते थे और कसरावद के छोटा नाका क्षेत्र में किराए के कमरे में रहते थे। शनिवार सुबह कमरे में उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, दिलीप का शव खटिया पर औंधे मुंह पड़ा मिला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन के माध्यम से सतना में रहने वाले परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कसरावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल दिलीप त्रिपाठी की मौत किस वजह से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की दिनचर्या, कमरे में उसकी मौजूदगी तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
#KhargoneNews #Kasrawad #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









