चित्रकूट में आई बाढ़ के दौरान बाहर से आए और प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों के लिए भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष मजगामा प्रबल श्रीवास्तव ने अपने व्यावसायिक संस्थान राव रिजॉर्ट को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में उपलब्ध कराया। रिजॉर्ट के निजी कमरे और हॉल को व्यावसायिक उपयोग से हटाकर लोगों के ठहरने के लिए रखा गया है।
रिजॉर्ट में प्रभावित लोगों के लिए रहने और सोने के साथ भोजन तथा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई। बाढ़ की शुरुआत से प्रतिदिन करीब 12 लोगों को यहां ठहरने और भोजन की सुविधा मिल रही है। इस दौरान रिजॉर्ट जरूरतमंदों के लिए सुरक्षित ठिकाने के रूप में उपयोग हो रहा है।
आश्रय की व्यवस्था के बाद प्रबल श्रीवास्तव द्वारा बाढ़ प्रभावित मोहल्लों और कॉलोनियों में पहुंचकर परिवारों को अनाज एवं अन्य जरूरी सामग्री भी वितरित की जा रही है। टीम के साथ वे प्रभावित लोगों की जरूरतों की जानकारी लेकर राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं।
विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं में चर्चित प्रबल श्रीवास्तव की यह पहल आपदा के समय निजी संसाधनों के जरिए प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास है। हालात सामान्य होने तक राहत कार्य जारी रखने की बात कही गई है।









