19 अगस्त को मैहर आएंगे CM मोहन यादव, मां शारदा लोक फेज-1 का करेंगे भूमिपूजन
मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 19 अगस्त को मैहर के दौरे पर रहेंगे। वे मां शारदा माता मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे।

256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री मैहर में मां शारदा लोक फेज-1 के 8.95 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा सड़क, भवन, पेयजल और अन्य अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों का भी भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार करीब 151 करोड़ रुपए के 12 कार्यों का भूमिपूजन और 105 करोड़ रुपए के 13 कार्यों का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस तरह जिले को लगभग 256 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।

साढ़े तीन घंटे मैहर में रहेंगे CM
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे मैहर पहुंचेंगे। हेलीपैड से मां शारदा मंदिर जाकर दर्शन-पूजन के बाद स्टेडियम में कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम करीब 4:55 बजे वे हेलीपैड से रीवा के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। संभागीय आयुक्त शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
#Maihar #MohanYadav #MaaSharda #ShardaLok #LadliBehna #MadhyaPradesh #MPNews #MaiharNews #RewanchalRoshni #मैहर #मोहनयादव #लाड़लीबहना #रेवांचलरोशनी









