Edition

3 साल से अधूरा 30 बेड का अस्पताल, बारिश में भीगा लाखों का सामान..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

3 साल से अधूरा 30 बेड का अस्पताल, बारिश में फिर भीगा लाखों का सामान.

सतना। कोटर तहसील मुख्यालय में करीब तीन साल से निर्माणाधीन 30 बिस्तरों के अस्पताल का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। नई बिल्डिंग के लिए खरीदे गए लाखों रुपए के उपकरण और फर्नीचर पुराने पीएचसी भवन में रखे हुए हैं। 14 अगस्त की मूसलाधार बारिश के बाद पुराने भवन में करीब ढाई फीट पानी भर गया, जिससे सामान के भीगने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

बजट के अभाव में अटका निर्माण

क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से स्वीकृत 30 बेड के अस्पताल की नई बिल्डिंग का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि अंदरूनी काम बजट के अभाव में अटका हुआ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ठेकेदार को भुगतान नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य बंद है। ऐसे में अस्पताल कब तक शुरू होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

दो साल से पुराने भवन में रखे उपकरण

नई बिल्डिंग के लिए खरीदे गए बेड, मशीनरी और अन्य जरूरी उपकरण करीब दो साल से पुराने पीएचसी भवन में रखे हैं। एक्स-रे मशीन को छोड़कर अधिकांश सामान इसी भवन में रखा गया है। लंबे समय से पड़े महंगे उपकरणों पर अब बारिश और जलभराव का खतरा मंडरा रहा है। अधिकांश सामान सील पैक बताया जा रहा है, इसलिए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है।

पहले भी हो चुका है जलभराव

कोटर पीएचसी में जलभराव की समस्या नई नहीं है। पिछले साल भी बारिश के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों में पानी भर गया था। इस बार 14 अगस्त को हुई तेज बारिश के बाद दोबारा पानी अस्पताल में घुस गया। जलभराव के चलते एक प्रसूता को जिला अस्पताल सतना रेफर करना पड़ा, जबकि तीन अन्य प्रसूताओं को छुट्टी देनी पड़ी।

मरीजों को नई बिल्डिंग का इंतजार

30 बिस्तरों का अस्पताल शुरू होने से कोटर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी। लेकिन तीन साल बाद भी भवन अधूरा होने से मरीजों को पुराने पीएचसी भवन की सीमित सुविधाओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, लाखों के उपकरण लंबे समय से पुराने भवन में रखे होने के कारण उनकी सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है।

#Satna #Kotar #Hospital #HealthNews #MadhyaPradesh #SatnaNews #HospitalConstruction #RewanchalRoshni #सतना #कोटर #स्वास्थ्यव्यवस्था #रेवांचलरोशनी

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!