Edition

6 माह से बिजली संकट, ग्रामीणों का विद्युत मंडल कार्यालय पर धरना..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

6 माह से बिजली संकट से जूझ रहा गांव, ग्रामीणों ने विद्युत मंडल कार्यालय पर दिया धरना..

सतना। उचेहरा जनपद के पोड़ी गरादा गांव में पिछले करीब छह महीने से जारी बिजली संकट को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद सिंह और सरपंच रामकलेश सिंह चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण विद्युत मंडल कार्यालय उचेहरा पहुंचे और धरना देकर नियमित बिजली आपूर्ति तथा खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल है और मुश्किल से करीब चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। अघोषित कटौती और जले हुए ट्रांसफॉर्मर के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

छात्रों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा के काम प्रभावित

लगातार बिजली कटौती का सीधा असर ग्रामीणों के दैनिक जीवन और बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक रात में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से छात्रों को पढ़ाई करने में परेशानी होती है। वहीं बिजली पर निर्भर घरेलू और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे जेई

धरने की जानकारी मिलने पर जेई अनुराग पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से चर्चा कर समाधान का भरोसा दिलाया। जेई ने बताया कि पावर ट्रांसफॉर्मर पर ओवरलोड के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने साफ कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियमित बिजली आपूर्ति और खराब ट्रांसफॉर्मर का तत्काल समाधान चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब देखना होगा कि विभाग ग्रामीणों की मांग पर कितनी जल्दी ठोस कार्रवाई करता है।

#Satna #Uchehra #BijliSankat #MadhyaPradesh #Gramin #ElectricityCrisis #RewanchalRoshni #सतना #उचेहरा #रेवांचलरोशनी

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!