सतना एयर स्ट्रिप को पूर्ण एयरपोर्ट बनाने की मांग तेज, पूर्व विधायक ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र.

नारायण त्रिपाठी ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग की, कहा- एयरपोर्ट बनने से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सतना। सतना की ऐतिहासिक एयर स्ट्रिप को पूर्ण एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर सतना एयर स्ट्रिप के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बनी थी एयर स्ट्रिप
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि सतना की एयर स्ट्रिप का निर्माण द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान किया गया था। इसके बावजूद आज तक इसे पूर्ण एयरपोर्ट के रूप में विकसित नहीं किया जा सका है। उन्होंने तकनीकी रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया कि एयर स्ट्रिप से जुड़ी सरकारी जमीन पर मकान बनाकर अतिक्रमण किया गया है, जिसके कारण विस्तार कार्य में बाधा आ रही है।
अतिक्रमण हटाने की मांग
नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री से जिला प्रशासन को निष्पक्ष जांच के निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण की जांच बिना किसी प्रशासनिक या राजनीतिक दबाव के कराई जानी चाहिए और यदि कब्जे अवैध पाए जाते हैं तो उन्हें हटाया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सतना कलेक्टर को तत्काल सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश देने का भी आग्रह किया है, ताकि एयरपोर्ट के विकास की प्रक्रिया को गति मिल सके।
हवाई कनेक्टिविटी से क्षेत्र को मिलेगा लाभ
पूर्व विधायक ने पत्र में कहा कि जिस तरह रीवा में हवाई सेवाओं का संचालन हो रहा है, उसी तरह सतना में भी बेहतर हवाई कनेक्टिविटी जरूरी है। सतना एयरपोर्ट का विकास धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ उद्योग, व्यापार और रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
उनका कहना है कि बेहतर हवाई सेवा मिलने से क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और AAI को भी भेजी प्रति
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र की प्रतियां केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और सतना कलेक्टर को भी भेजी हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस मांग पर क्या कदम उठाते हैं और सतना की ऐतिहासिक एयर स्ट्रिप को पूर्ण एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रक्रिया कितनी आगे बढ़ती है।









