फ्लाईओवर निर्माण से पुराना रास्ता बंद, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, आश्वासन के बाद खुला मार्ग..

सतना-पन्ना मुख्य मार्ग पर करीब 40 मिनट थमा यातायात, 15 हजार की आबादी के आवागमन का रास्ता बंद होने से नाराज ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
सतना। सतना-पन्ना रोड पर सोहावल मोड़ के पास सोमवार को ग्रामीणों ने पुराना रास्ता बंद किए जाने के विरोध में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण निर्माणाधीन राम पथ गमन राष्ट्रीय राजमार्ग के फ्लाईओवर निर्माण के चलते सोहावल, बाबूपुर और सोहौला को जोड़ने वाले पुराने मार्ग को बंद किए जाने से नाराज थे। करीब 40 मिनट तक चले चक्काजाम के कारण पन्ना-सतना मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
अधिकारियों के पहुंचने के बाद खत्म हुआ चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और अधिकारियों के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया।
15 हजार की आबादी के सामने आवागमन की समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि सोहावल, बाबूपुर और सोहौला को जोड़ने वाला पुराना सार्वजनिक मार्ग लंबे समय से करीब 15 हजार लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन रहा है। फ्लाईओवर निर्माण के कारण यह रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को अब पन्ना-सतना मुख्य मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जर्जर सड़क ने बढ़ाई परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि सोहावल मोड़ की सड़क पहले से ही जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और यहां पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुराने मार्ग के बंद होने के बाद मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव और बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन समय रहते समाधान नहीं किया गया। इसी के चलते सोमवार को ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
पुराने रास्ते की बहाली या स्थायी वैकल्पिक मार्ग की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए ज्ञापन में पुराने सार्वजनिक मार्ग को यथासंभव बहाल करने की मांग की है। यदि पुराने मार्ग को शुरू करना संभव नहीं है तो चौड़ा, पक्का और सुरक्षित स्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की गई है।
इसके अलावा फ्लाईओवर के नीचे वाहनों और पैदल राहगीरों के लिए व्हीकुलर एवं पेडस्ट्रियन अंडरपास, सोहावल रोड का चौड़ीकरण और सड़क का सुदृढ़ीकरण कराने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी है।
NHAI को पत्र लिखेगा प्रशासन
एसडीएम राहुल सिलाडिया ने बताया कि ग्रामीणों की मांगों के संबंध में NHAI को पत्र लिखा जाएगा। वहां से जवाब मिलने के बाद ग्रामीणों के साथ बातचीत कर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद सतना-पन्ना मार्ग पर यातायात दोबारा सामान्य हो सका।









