Edition

सतना पुलिस की बड़ी कामयाबी,19 लाख के जेवर बरामद, तीन चोर भोपाल से गिरफ्तार…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। सतना पुलिस ने सराफा कारोबारी के घर हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए भोपाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18.94 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के लिए पुलिस ने सतना से भोपाल तक करीब 900 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 12 दिनों तक भोपाल में डेरा डालकर जांच की।

सीएसपी सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को सराफा कारोबारी विपुल जैन अपने परिवार के साथ उचेहरा स्थित इचौल आर्ट घूमने गए थे। रात में लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे।

वारदात के बाद पुलिस ने शहर के करीब 450 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान हुई, जो बस से भोपाल की ओर गया था। इसके बाद छतरपुर और भोपाल में 550 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। साइबर सेल की मदद से मुख्य आरोपी की पहचान ताहिर उर्फ ताहिर खान (19) निवासी परवाखेड़ा, ईटखेड़ी (भोपाल) के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में ताहिर ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि चोरी किए गए गहने उसने इमरान खान (32) निवासी राजीव कॉलोनी, निशातपुरा और फराज खान (18) निवासी इंद्रा सहायता नगर, भोपाल को बेच दिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद कर लिए। तीनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भोपाल से ट्रेन में इटारसी जा रहा था, लेकिन रास्ते में सो जाने के कारण सतना पहुंच गया। स्टेशन पर उतरने के बाद उसने शहर में रेकी की और पुराने पावर हाउस के पास सराफा कारोबारी का सूना मकान देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह बस से पहले छतरपुर और फिर भोपाल भाग गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के खिलाफ भोपाल में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अन्य संभावित खरीदारों की तलाश में भी जुटी है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!