सिंगरौली जिले के शासकीय महाविद्यालयों में जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) फंड से करोड़ों रुपये की सामग्री खरीदी में कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद जांच शुरू हो गई है। सोमवार को रीवा संभागीय उच्च शिक्षा विभाग की जांच टीम प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज, सिंगरौली पहुंची और खरीदी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

भोपाल में की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जिले के सभी सरकारी कॉलेजों के लिए DMF फंड से करोड़ों रुपये की सामग्री खरीदी गई, लेकिन कई संस्थानों तक सामान पहुंचा ही नहीं। शिकायतकर्ता का दावा है कि कई मामलों में सामग्री का भौतिक सत्यापन किए बिना ही भुगतान कर दिया गया। इससे खरीदी प्रक्रिया, बिलों की सत्यता और सामग्री की वास्तविक उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
रीवा से पहुंची जांच टीम कॉलेज के रिकॉर्ड, बिल, भुगतान संबंधी दस्तावेज और स्टॉक रजिस्टर का मिलान कर रही है। टीम यह जांच रही है कि कागजों में दर्ज सामग्री वास्तव में कॉलेजों में उपलब्ध है या नहीं, साथ ही भुगतान प्रक्रिया में सरकारी नियमों का पालन किया गया या नहीं।

जांच अधिकारी डॉ. ज्ञानेंद्र तिवारी ने बताया कि सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। विस्तृत परीक्षण के लिए कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख रीवा ले जाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









