सतना। सीधी जिले के बघवार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कार्यरत सतना जिले के बराज गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव पहुंचा शव बाबूपुर पुलिस चौकी के बाहर रखकर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया और हत्या का मामला दर्ज करने के साथ 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
मृतक अभिषेक सिंह अपने पिता शिवपूजन सिंह के इकलौते पुत्र थे और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान हुई घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की। उनका दावा है कि अभिषेक का शव नहर में फेंक दिया गया और बिना पूरी जानकारी दिए जल्दबाजी में पोस्टमार्टम कराकर शव गांव भेज दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अभिषेक की मौत को हत्या बताते हुए एफआईआर दर्ज करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की भी मांग उठाई गई। कुछ समय के लिए ग्रामीणों ने चक्काजाम की तैयारी भी की।
सूचना मिलते ही एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तथा उनकी मांगों को सीधी स्थित बघवार सीमेंट प्लांट प्रबंधन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे।
इधर, कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष बरमेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटना पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन दुर्घटना की सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने प्लांट प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, उच्चस्तरीय जांच कराने, 50 लाख रुपये मुआवजा और मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार देने की मांग की।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगा।









