सतना। सतना-चित्रकूट हाईवे पर बुधवार सुबह मझगवां आरटीओ चेक पोस्ट के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कामदगिरि ट्रेवल्स की बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक यात्री का हाथ टूट गया। बस में सवार अन्य कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, कामदगिरि ट्रेवल्स की बस (एमपी-18 पी-0384) बुधवार सुबह सतना से चित्रकूट के लिए रवाना हुई थी। मझगवां स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक तथा घायल यात्री को मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य घायल यात्रियों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
दुर्घटना के कारण सतना-चित्रकूट हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









