सतना में कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत, युवक गंभीर; कुंदहरी के पास हुआ हादसा

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदहरी के पास शनिवार दोपहर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार मैहर की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार छोटू सिंह परिहार, निवासी मझियार, सतना की ओर आ रहे थे। कुंदहरी के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल सतना पहुंचाया गया।
हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची उचेहरा थाना पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









