एएसपी (शहर) गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का दिया संदेश……
सतना। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत क्रिस्टुकुला स्कूल में भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथ उठाकर नशे से दूर रहने, दूसरों को भी जागरूक करने तथा स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ ली।
एएसपी गौरव पाण्डेय द्वारा दिए गए संदेश से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि नशे के विरुद्ध पुलिस का यह अभियान तभी सफल होगा, जब समाज का प्रत्येक नागरिक इसकी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें भागीदारी निभाएगा।

कार्यक्रम में सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का सबसे बड़ा आधार अच्छा चरित्र और सही संगति है। उन्होंने बच्चों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की…….

विद्यालय प्रबंधन ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि एएसपी गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित यह अभियान सतना के युवाओं को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बच्चों ने एक स्वर में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।









