Edition

रीवा,मधुरम ढाबा में पुरानी रंजिश पर खूनी बवाल, लाठी-डंडों से हमला CCTV में कैद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रीवा। जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा पैकान स्थित मधुरम ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट में पुरानी रंजिश के चलते आधी रात हिंसक मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कई युवक लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुए हमले से ढाबे में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

आधी रात ढाबे में मचा बवाल

जानकारी के अनुसार, घटना 17 जुलाई 2026 की रात करीब 2:30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक अचानक ढाबे के अंदर घुसते हैं और वहां मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों व मुक्कों से हमला शुरू कर देते हैं। देखते ही देखते पूरा ढाबा रणक्षेत्र में बदल जाता है। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट की वजह पुरानी रंजिश थी। शिकायतकर्ता सिद्धार्थ द्विवेदी, निवासी ग्राम सेंदाई टिकर (वर्तमान निवासी बेलवा पैकान), ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ ढाबे पर मौजूद था। इसी दौरान राहुल सिंह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे सिद्धार्थ द्विवेदी घायल हो गए। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

आठ आरोपियों पर मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर मनगवां थाना पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0414/2026 दर्ज की है। पुलिस ने राहुल सिंह, मिंटू सिंह, अस्सू सिंह, विक्रम सिंह, शंकर सिंह, अमित सिंह, अमरीश सिंह और विपिन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज बना अहम साक्ष्य

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के कब्जे में है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों का सत्यापन करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में दहशत, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद बेलवा पैकान और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हिंसक घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!