Edition

विपिन हत्याकांड के बाद कुंवारों में डर, बोले-शादी के बाद जिंदा रहने की क्या गारंटी?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विपिन हत्याकांड के बाद सहमा गांव: शादी को लेकर बढ़ी चिंता, युवाओं में डर का माहौल

सतना। रामपुर बघेलान क्षेत्र के भगदेवरा गांव में सामने आए चर्चित विपिन हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने रिश्तों और वैवाहिक जीवन को लेकर लोगों का भरोसा हिला दिया है। कई कुंवारे युवक अब शादी से दूरी बनाने की बात कह रहे हैं, जबकि अभिभावकों को भी अपने बच्चों के लिए सही रिश्ता चुनने की चिंता सता रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, जब किसी युवक से शादी की बात की जाती है तो वह मजाक और गंभीरता के बीच यही कह देता है कि, “अब शादी करने से पहले सौ बार सोचना पड़ेगा, क्योंकि शादी के बाद जिंदा रहने की कोई गारंटी नहीं है।” हालांकि यह लोगों की प्रतिक्रिया है, जिसे गांव में फैले भय और चिंता के रूप में देखा जा रहा है।

 

तीन महीने बाद खुला हत्या का राज

 

पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव 26 मार्च को रीवा जिले के टीकर गांव स्थित अपनी ससुराल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 28 मार्च को परिजनों ने रामपुर बघेलान थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

 

जांच के दौरान पुलिस ने विपिन की पत्नी आंचल यादव और उसके कथित प्रेमी सुनील कुशवाहा की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की। इसमें दोनों के बीच लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो 9 जुलाई को सुनील ने हत्या कर शव को दफनाने की बात स्वीकार कर ली।

कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर करीब 4 फीट चौड़ी और 6 फीट गहरी कब्र की खुदाई कर विपिन का शव बरामद किया गया।

आरोपी जेल भेजे गए, दो की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा और विपिन की पत्नी आंचल यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले में कथित रूप से शामिल दो अन्य संदिग्धों संजीव बहेलिया और कुमार रजक की तलाश जारी है।

इस घटना के बाद भगदेवरा गांव में रिश्तों को लेकर चर्चा तेज है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से समाज में अविश्वास बढ़ता है और परिवारों के सामने अपने बच्चों के लिए सही जीवनसाथी चुनने की चुनौती और बड़ी हो जाती है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!