17 वर्षों का सपना हुआ साकार, माँ नर्मदा का पावन जल अब विंध्य की धरती को करेगा समृद्ध…..
सतना। बरगी जल डायवर्जन (टनल) परियोजना के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर भाजपा महिला मोर्चा सतना की जिलाध्यक्ष श्रीमती सीमा यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विंध्य अंचल के विकास, किसानों की समृद्धि और मध्यप्रदेश की प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

उन्होंने कहा कि लगभग 17 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा और कठिन तकनीकी चुनौतियों के बाद यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूर्ण हुई है। चट्टानी भूभाग में ग्रेविटी फ्लो टनल का निर्माण अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, जिसे अभियंताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं श्रमिकों ने अपने अथक परिश्रम से सफल बनाया।
श्रीमती सीमा यादव ने कहा कि इस परियोजना से कटनी, मैहर, सतना, रीवा और पन्ना जिलों के किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा। माँ नर्मदा का पावन जल सोन नदी तंत्र से जुड़कर क्षेत्र की कृषि भूमि तक पहुँचेगा, जिससे सिंचाई का दायरा बढ़ेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी। यह परियोजना विंध्य क्षेत्र के कृषि एवं आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक हैं। उनका पावन जल अब विंध्य की धरती को सिंचित करेगा, जिससे क्षेत्र में हरियाली, खुशहाली और समृद्धि का नया अध्याय प्रारंभ होगा।
श्रीमती सीमा यादव ने इस ऐतिहासिक परियोजना को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी अभियंताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों, श्रमिकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी विकास और समृद्धि की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी।
