नोएडा। भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क ने संगठनात्मक मजबूती और बेहतर प्रबंधन की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए वरिष्ठ पत्रकार सुदेश तिवारी को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 9 जुलाई 2026 को जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, तिवारी अब Executive Director एवं Group Editor के साथ-साथ पूरे संपादकीय विभाग, प्रशासन (Administration) और राजस्व (Revenue) से जुड़े कार्यों की भी कमान संभालेंगे।

प्रबंधन ने कहा कि मीडिया समूह के लगातार विस्तार और नए प्रोजेक्ट्स को देखते हुए यह पुनर्गठन किया गया है, जिससे संपादकीय, प्रशासनिक और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। संगठन को विश्वास है कि सुदेश तिवारी के लंबे अनुभव, नेतृत्व क्षमता और पत्रकारिता की गहरी समझ से भारत एक्सप्रेस नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।
सर्कुलर के अनुसार, ग्रुप कंसल्टिंग एडिटर अनिल राय पहले की तरह संपादकीय कार्यों में सुदेश तिवारी के साथ समन्वय बनाए रखेंगे। साथ ही उन्हें सहारा इंडिया मीडिया से जुड़े आगामी प्रोजेक्ट्स की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
वहीं, ग्रुप मैनेजिंग एडिटर एवं डायरेक्टर राधेश्याम राय को भारत एक्सप्रेस फिल्म प्रोडक्शन डिवीजन सहित संगठन के नए वेंचर्स का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा वे कंपनी के परिचालन संबंधी मामलों में प्रबंधन के सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे।
चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर उपेंद्र राय द्वारा जारी इस सर्कुलर में सभी कर्मचारियों से नए दायित्वों के सफल निर्वहन में पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई है।
वरिष्ठ पत्रकार सुदेश तिवारी को मिली यह नई जिम्मेदारी उनके नेतृत्व, कार्यकुशलता और संगठन के प्रति समर्पण का प्रमाण मानी जा रही है। मीडिया जगत में इसे भारत एक्सप्रेस की कार्यशैली को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।









