Edition

पत्नी ने प्रेमी संग रची मौत की साजिश? तीन महीने बाद कब्र से निकला सतना के युवक का शव……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीन महीने बाद कब्र से निकला सच,  पत्नी द्वारा कराई गईं युवक की हत्या ने फिर खड़े किए कई सवाल…..

रीवा/सतना। रीवा जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र में तीन महीने से लापता सतना के एक युवक का शव जमीन में दफन मिला है। इस सनसनीखेज मामले ने पूरे विंध्य क्षेत्र को झकझोर दिया है। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश कथित तौर पर मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर रची। बीते कुछ दिनों में सामने आए ऐसे कई मामलों के बीच इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और अपराध की भयावह तस्वीर सामने रख दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव, निवासी मोहार टोला, भगदेवरा, थाना रामपुर बघेलान (सतना) के रूप में हुई है। विपिन 26 मार्च 2026 को अपनी ससुराल टीकर गांव (गोविंदगढ़) गया था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। 28 मार्च को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस का संदेह गांव के रहने वाले सुनील कुशवाहा पर गया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास जमीन में दफन शव बरामद किया गया। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से यह तथ्य सामने आया कि मृतक की पत्नी और आरोपी के बीच लगातार संपर्क था। दोनों के बीच एक दिन में कई बार लंबी बातचीत होने के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में फोन पर हत्या की साजिश रचे जाने के संकेत मिले हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मृतक की पत्नी से पूछताछ जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, घटनाक्रम और सभी आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और आगे की विवेचना के आधार पर की जाएगी। यदि प्रारंभिक जांच के निष्कर्ष सही साबित होते हैं, तो यह मामला विंध्य क्षेत्र के सबसे चर्चित हत्या कांडों में शामिल हो सकता है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!