आदित्य मिश्रा…. आंचलिक।
सतना। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘उपकार हम हैं’ सोसायटी की बेटियों के लिए एमबॉडी की संस्थापक, शास्त्रीय भरतनाट्यम नृत्यांगना एवं प्रमाणित डांस मूवमेंट थेरेपी प्रैक्टिशनर महिमा सभरवाळ गुप्ता द्वारा 7 दिवसीय रचनात्मक गति (क्रिएटिव मूवमेंट) कार्यशाला का आयोजन किया गया। महिमा गुप्ता स्वास्थ्य, रचनात्मक गति और मानसिक कल्याण के विषयों पर स्कूलों, विश्वविद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ कार्य करती हैं तथा मैहर आर्ट इछोल महोत्सव में भी अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।

कार्यशाला के दौरान बेटियों को नृत्य और मूवमेंट थेरेपी के माध्यम से तनाव व भावनाओं की अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास निर्माण, आत्म-जागरूकता तथा शारीरिक फिटनेस के महत्वपूर्ण पहलुओं से परिचित कराया गया। सात दिनों तक चले इस प्रशिक्षण ने बच्चों को स्वयं को बेहतर ढंग से समझने और खुलकर अपनी बात रखने का अवसर दिया।
समापन दिवस पर महिमा गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों से कार्यशाला के अनुभवों को चित्रों और शब्दों के माध्यम से व्यक्त करने को कहा। बच्चों ने अपनी भावनाओं, सपनों और सीख को रचनात्मक ढंग से कागज पर उतारा, जिसने कार्यशाला के प्रभाव को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर ‘उपकार हम हैं’ की बेटियों ने महिमा जी को अपने हाथों से तैयार किया गया क्रॉसस्टिच उपहार स्वरूप भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था की फाउंडर मेंबर सोनिया जॉली एवं सभी माताओं ने महिमा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, ‘उपकार हम हैं’ सोसायटी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।









